
▪️ मुंबई
मुंबई महानगर क्षेत्र सहित महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक अत्यधिक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि 6 जुलाई तक मौसम की स्थिति गंभीर बनी रह सकती है। ऐसे में लोग अत्यावश्यक कार्य के अलावा घर से बाहर न निकलें और अनावश्यक यात्रा से पूरी तरह बचें।
भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग सहित तटीय जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इन क्षेत्रों में सामान्य से अधिक वर्षा, तेज हवाओं, निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने तथा स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।

आपदा प्रबंधन की सभी एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें भी आवश्यक स्थानों पर तैनात हैं।
इसी बीच राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने आपात स्थिति के लिए विभिन्न स्थानीय निकायों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति बारिश के कारण कहीं फंस जाता है या तत्काल सहायता की आवश्यकता होती है, तो बिना विलंब संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करें। राहत एवं बचाव दल शीघ्र सहायता उपलब्ध कराएंगे।
- महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं – बृहन्मुंबई महानगरपालिका: 1916, पालघर जिला हेल्पलाइन: 02525-297474, +91 82379 78873, ठाणे महानगरपालिका: 022-25364779, 022-25301740, +91 93723 38827, ठाणे आपदा प्रबंधन कक्ष: 1800-222-108, +91 86578 87101 तथा पनवेल महानगरपालिका: 022-27458040, 27458041 और 27458042। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, सरकारी निर्देशों का पालन करें और आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन सेवाओं का तुरंत उपयोग करें।
