▪️ कालभैरव और बड़ी शीतला माता के किए दर्शन

▪️विनीत त्रिपाठी @वाराणसी
बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री शनिवार को धर्मनगरी काशी पहुंचीं, जहां उन्होंने श्री कालभैरव मंदिर और बड़ी शीतला माता मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच उन्होंने देश, समाज तथा समस्त मानवता के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना का संपूर्ण आयोजन काशी के प्रसिद्ध महंत एवं विद्वान पंडित अवशेष पांडेय (कल्लू महाराज) के सानिध्य में संपन्न हुआ। उन्होंने वैदिक परंपरा के अनुसार विशेष पूजन कराया और मंदिर की धार्मिक मान्यताओं से अभिनेत्री को अवगत कराया।

दर्शन के बाद भाग्यश्री ने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा, प्राचीन परंपराएं और मंदिरों का दिव्य वातावरण मन को गहरे तक स्पर्श करता है। उन्होंने कहा कि बाबा कालभैरव और बड़ी शीतला माता के दर्शन के बाद उन्हें अद्भुत मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उनके अनुसार, काशी में पूजा-अर्चना का यह अवसर उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों में हमेशा शामिल रहेगा।
उन्होंने काशी की सांस्कृतिक विरासत, यहां के मंदिरों की दिव्यता और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उनका कहना था कि काशी केवल एक धार्मिक नगर नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना का ऐसा केंद्र है, जहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति नई ऊर्जा और आत्मिक संतोष का अनुभव करता है।
अभिनेत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। दर्शन के उपरांत भाग्यश्री ने सभी को प्रणाम कर उनका अभिवादन स्वीकार किया और काशी की संस्कृति तथा आध्यात्मिक परंपरा को नमन किया।
