
▪️ पालघर
पालघर जिले के तांदुलवाड़ी किले पर ट्रेकिंग के लिए गए छह कॉलेज छात्र भारी बारिश और घने जंगल के बीच रास्ता भटक गए। खराब मौसम और लगातार हो रही वर्षा के कारण उनकी वापसी मुश्किल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय बचाव दल ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी छात्रों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, दांडेकर कॉलेज के चार छात्र और दो छात्राएं शुक्रवार को तांदुलवाड़ी किले पर ट्रेकिंग के लिए पहुंचे थे। लौटते समय अचानक मौसम बिगड़ गया। घने कोहरे, कम दृश्यता और फिसलन भरे रास्तों के कारण वे निर्धारित मार्ग से भटककर जंगल में पहुंच गए। काफी प्रयास के बाद भी रास्ता नहीं मिलने पर छात्रों ने आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर मदद मांगी।
सूचना मिलते ही सफाले पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने गांव के पुलिस पाटिल और स्थानीय रेस्क्यू दल के साथ जंगल में खोज अभियान शुरू किया। प्रतिकूल मौसम और दुर्गम रास्तों के बावजूद बचाव दल ने सभी छात्रों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और तांदुलवाड़ी गांव पहुंचाया।
प्रशासन ने लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए नागरिकों से अनावश्यक ट्रेकिंग या पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर संपर्क करने की सलाह भी दी गई है।
