
- मुंबई
लाखों वारकरी श्रद्धालुओं की आस्था यात्रा को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ते हुए महाराष्ट्र सरकार ने इस वर्ष आषाढ़ी वारी में पहली बार एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य गंभीर रूप से बीमार श्रद्धालुओं को कम से कम समय में उच्चस्तरीय अस्पतालों तक पहुंचाना है।
सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने बताया कि वारी मार्ग पर व्यापक चिकित्सा व्यवस्था की गई है। इसके तहत एम्बुलेंस, बाइक एम्बुलेंस, प्रशिक्षित आपातकालीन चिकित्सा दल और डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली को एकीकृत रूप से तैनात किया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में बाइक एम्बुलेंस तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराएंगी, जबकि गंभीर मरीजों को एयर एम्बुलेंस के जरिए शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जाएगा।
सरकार की ‘स्वास्थ्य संपन्न वारी’ डिजिटल पहल के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, आवश्यक परामर्श और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस बीच स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने पंढरपुर उपजिला अस्पताल का निरीक्षण कर आपातकालीन सेवाओं, आईसीयू, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की तैनाती तथा स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वारी के दौरान किसी भी श्रद्धालु को उपचार के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े और सभी को समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
