
▪️ मुंबई
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई में पेड़ गिरने की घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अश्विनी भिडे ने बताया कि इस बार बारिश के साथ तेज हवा का दबाव सामान्य से अधिक है। कई पेड़ बाहर से स्वस्थ दिखाई देते हैं, लेकिन उनकी जड़ें भीतर से कमजोर हो चुकी होती हैं। लगातार बारिश से मिट्टी ढीली होने के कारण ऐसे पेड़ तेज हवाओं का सामना नहीं कर पाते और अचानक धराशायी हो जाते हैं।
भिडे ने कहा कि बीएमसी मानसून से पहले और उसके दौरान पेड़ों का सर्वेक्षण, सूखी एवं खतरनाक शाखाओं की छंटाई तथा जोखिम वाले पेड़ों की पहचान का कार्य नियमित रूप से करती है। इसके बावजूद अत्यधिक वर्षा, जलभराव और तेज हवाओं के संयुक्त प्रभाव से कुछ पेड़ों का गिरना टालना संभव नहीं होता।
उन्होंने बताया कि शहर में बारिश से जुड़ी सभी घटनाओं पर आपदा प्रबंधन विभाग लगातार नजर रखे हुए है। पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही राहत दल तत्काल मौके पर पहुंचकर रास्ता साफ करने और जनहानि रोकने का कार्य करते हैं।
