
▪️मुंबई
आषाढ़ी एकादशी पर भगवान श्री विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए पंढरपुर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य परिवहन (एसटी) महामंडल ने इस वर्ष व्यापक तैयारी की है। यात्रा अवधि के दौरान 5,500 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। यह जानकारी परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने पंढरपुर के चंद्रभागा बस स्थानक पर आयोजित समीक्षा बैठक में दी। बैठक में एसटी के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. माधव कुसेकर, नगराध्यक्षा प्रणिता भालके और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रताप सरनाईक ने बताया कि यदि किसी गांव से 40 या उससे अधिक श्रद्धालु सामूहिक रूप से आवेदन करते हैं, तो उस गांव से सीधे पंढरपुर के लिए विशेष एसटी बस उपलब्ध कराई जाएगी। इन बसों में भी शासन की सभी यात्रा रियायतें लागू रहेंगी। ‘अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना’ के तहत 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क यात्रा मिलेगी, जबकि ‘महिला सम्मान योजना’ के अंतर्गत महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने नजदीकी एसटी डिपो में संपर्क कर विशेष बसों के लिए समय रहते पंजीकरण कराएं। अधिकारियों को बसों की साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन, ‘आषाढ़ी यात्रा विशेष बस सेवा’ के बोर्ड लगाने, चालक-परिचालकों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा वापसी यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष एसटी महामंडल ने 5,145 विशेष बसों के माध्यम से करीब 21.95 लाख श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ पहुंचाया था। इस बार बसों की संख्या बढ़ाकर श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया गया है।
▪️ सभी फोटो @आत्मन मिश्र
