
▪️ मुंबई
मुंबई के सार्वजनिक गणेश मंडलों को जल्द ही बड़ी राहत मिल सकती है। गणेशोत्सव में विशालकाय प्रतिमाओं के परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाली ट्रॉलियों के स्थायी भंडारण की मांग अब बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की महासभा तक पहुंच गई है। नगरसेवक अजय पाटिल इस संबंध में आगामी बैठक में प्रस्ताव पेश करेंगे। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद अंतिम निर्णय के लिए इसे मनपा आयुक्त के पास भेजा जाएगा।
मुंबई में हर वर्ष 10 से 35 फुट तक ऊंची गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इन प्रतिमाओं को सुरक्षित ढंग से लाने-ले जाने के लिए विशेष रूप से मजबूत और बड़े आकार की ट्रॉलियां तैयार कराई जाती हैं। लेकिन गणेशोत्सव समाप्त होने के बाद इन ट्रॉलियों को रखने के लिए अधिकांश मंडलों के पास कोई स्थायी स्थान नहीं होता।
जगह के अभाव में मंडलों को ट्रॉलियां सड़कों के किनारे या सार्वजनिक स्थलों पर खड़ी करनी पड़ती हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ बरसात में ट्रॉलियां जंग लगने से खराब भी हो जाती हैं। हर साल उनकी मरम्मत पर मंडलों को हजारों रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ते हैं।
इसी समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए गणेश मंडलों ने बीएमसी से ट्रॉलियों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करने की मांग की है। प्रस्ताव में शहर के विभिन्न फ्लाईओवरों के नीचे उपलब्ध खाली स्थानों का उपयोग ट्रॉली स्टोरेज के रूप में करने का सुझाव दिया गया है।
यदि यह प्रस्ताव बीएमसी महासभा में पारित हो जाता है, तो मुंबई के सैकड़ों सार्वजनिक गणेश मंडलों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़ी ट्रॉलियों की समस्या भी काफी हद तक दूर हो सकेगी।
