
▪️मुंबई
मुंबई के बहुप्रतीक्षित विद्याविहार रेलवे फ्लायओवर का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। करीब 35 वर्ष पहले वर्ष 1991 में प्रस्तावित इस परियोजना को 31 अगस्त 2026 तक आम यातायात के लिए शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया है। 650 मीटर लंबा यह फ्लायओवर एलबीएस मार्ग को रामकृष्ण चेंबूरकर मार्ग से जोड़ते हुए क्षेत्र को पहली बार सीधा पूर्व-पश्चिम संपर्क प्रदान करेगा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, फ्लायओवर का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अतिरिक्त नगर आयुक्त (परियोजनाएं) अभिजीत बांगर ने अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण कर शेष कार्यों की समीक्षा की और तय समयसीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
वर्तमान में विद्याविहार में पूर्व से पश्चिम जाने वाले वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। खासकर व्यस्त समय में इस दूरी को तय करने में 40 से 45 मिनट तक लग जाते हैं। फ्लायओवर शुरू होने के बाद यही सफर घटकर लगभग 10 से 15 मिनट का रह जाएगा।
बीएमसी का मानना है कि फ्लायओवर के चालू होने से न केवल स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि पूर्वी उपनगरों में यातायात का दबाव भी कम होगा। लंबे समय से अटकी यह परियोजना मुंबई के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
