- मुंबई
रायगढ़ जिले में हाल ही में आई भीषण बाढ़ के दौरान बह गए एलपीजी गैस सिलेंडरों में से एक सिलेंडर वसई के भुईगांव समुद्र तट पर मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि यह सिलेंडर पनवेल स्थित एचपीसीएल के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से बाढ़ में बहकर समुद्र के रास्ते यहां पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण पातालगंगा नदी में आई बाढ़ से एचपीसीएल के प्लांट से लगभग 3,000 भरे और खाली गैस सिलेंडर बह गए थे। प्रशासन ने उस समय लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि नदी या आसपास मिलने वाले किसी भी सिलेंडर को हाथ न लगाएं, क्योंकि वे खतरनाक साबित हो सकते हैं।
घटना के चार-पांच दिन बाद रविवार को वसई पश्चिम के भुईगांव समुद्र तट पर स्थानीय निवासी लिस्बन फेरारो को समुद्र में एक गैस सिलेंडर तैरता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने सावधानीपूर्वक उसे किनारे लाया, जहां पता चला कि सिलेंडर भरा हुआ है। इसके बाद उन्होंने सिलेंडर पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हालांकि अभी तक यह आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि यह वही सिलेंडर है जो रायगढ़ की बाढ़ में बह गया था। कुछ लोग इसे वसई क्षेत्र की बाढ़ से जुड़ा बता रहे हैं, जबकि कई लोगों का मानना है कि यह पातालगंगा नदी के रास्ते समुद्र में पहुंचकर भुईगांव तट तक बह आया।
