- मुंबई। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं, जबकि कई बांध ओवरफ्लो होकर पानी छोड़ रहे हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (आई एम डी) ने अगले 24 घंटों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पुणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना है। वहीं विदर्भ के वाशिम, गडचिरोली, गोंदिया, अमरावती, अकोला और चंद्रपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।

लगातार बारिश के कारण कई बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। उजनी बांध से 80 हजार क्यूसेक और वीर बांध से 63 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण भीमा नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
जलगांव जिले में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। यहां दो दिनों की भारी बारिश के चलते एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन लोग बाढ़ के पानी में बह जाने से लापता हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर एन डी आर एफ की टीम तैनात कर दी है, जिसमें 30 जवान शामिल हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
