- फिलहाल भारत को खतरा नहीं

▪️कांगो
अफ्रीकी देश कांगो (डीआरसी) में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने सतर्कता बढ़ाने की सलाह दी है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियां, स्थानीय प्रशासन और विभिन्न देशों की टीमें मिलकर संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। इस महामारी से फिलहाल भारत को कोई खतरा नहीं है, ऐसा विशेषज्ञों का कहना है।
डब्ल्यूएचओ के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमित लोगों की पहचान, संपर्कों की निगरानी, उपचार केंद्रों का विस्तार और जागरूकता अभियान तेज किए गए हैं। साथ ही, इस विशेष इबोला स्ट्रेन के लिए संभावित वैक्सीन और उपचार विकसित करने के उद्देश्य से परीक्षण भी जारी हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर पहचान, संक्रमित व्यक्तियों को अलग रखना, स्वच्छता के नियमों का पालन और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करने से संक्रमण की श्रृंखला को काफी हद तक रोका जा सकता है। पड़ोसी युगांडा हाल ही में अपने यहां इबोला प्रकोप पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाने में सफल रहा, जिससे यह उम्मीद मजबूत हुई है कि प्रभावी रणनीति और सहयोग से इस चुनौती से भी निपटा जा सकता है।
डब्ल्यूएचओ ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य एजेंसियां समन्वित रूप से काम कर रही हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक स्वास्थ्य सलाह पर भरोसा करने की अपील की है।
