▪️महेश दत्त शर्मा ‘रामायणी’ की प्रस्तुति ने बांधा समां

- मुंबई में शनिवार, 1 अगस्त की शाम भक्ति, संगीत और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। गोरेगांव स्थित अजंता पार्टी हॉल में प्रसिद्ध हास्यकवि महेश दुबे के संयोजन में जयपुर (राजस्थान) के प्रख्यात शास्त्रीय गायक एवं मानस मर्मज्ञ महेश दत्त शर्मा ‘रामायणी’ का भव्य संगीतमय आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत एवं रामचरितमानस प्रेमियों ने भाग लिया।
देश-विदेश में अपने असंख्य शिष्यों के बीच ‘गुरुजी’ के नाम से प्रसिद्ध महेश दत्त शर्मा ने अपने मधुर एवं भावपूर्ण गायन, आध्यात्मिक व्याख्यान और रामचरितमानस के प्रसंगों की सजीव प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। जयपुर से उनके साथ आए वाद्य कलाकारों ने भी उत्कृष्ट संगत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। उनकी लय, ताल और सुरों के समन्वय ने श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम में महानगर के अनेक प्रतिष्ठित सामाजिक, शैक्षिक, व्यावसायिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे मुंबई की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना को समर्पित एक यादगार आयोजन बताया। अनेक गणमान्य लोगों ने भविष्य में भी महेश दत्त शर्मा ‘रामायणी’ के ऐसे कार्यक्रम आयोजित कराने की इच्छा व्यक्त की।
इस अवसर पर उद्योगपति बृजमोहन अग्रवाल, देवेंद्र तिवारी, छविनाथ दुबे, रामनारायण मिश्रा, उमेश दुबे, नरेश शर्मा, आनंद मिश्रा, राजेश विक्रांत, शैलेंद्र श्रीवास्तव, सुनील सिंह, धर्मेंद्र पांडेय, अमर त्रिपाठी, संगीतज्ञ प्रतीक मेहता, शशि सिंह, कवि गुलशन मदान, रासबिहारी पांडेय, अर्चना जौहरी, रीमा राय सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की सफलता में भीलवाड़ा के सुप्रसिद्ध ओज कवि योगेन्द्र शर्मा की विशेष भूमिका रही। अंत में आयोजक महेश दुबे ने सभी अतिथियों, कलाकारों और श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और संगीत की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।
