▪️ यूट्यूबर की पहल बनी मिसाल, दर्शकों के सहयोग से राहत अभियान को मिली बड़ी ताकत
- गुवाहाटी। देश के लोकप्रिय यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर निश्चय मल्हान, जिन्हें ‘ट्रिगर्ड इंसान’ के नाम से जाना जाता है, ने असम में बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए एक प्रेरणादायक पहल की है। उन्होंने करीब 50 घंटे तक लगातार लाइवस्ट्रीम कर दर्शकों से राहत कोष में योगदान देने की अपील की। इस अभियान के दौरान उनके प्रशंसकों ने दिल खोलकर सहयोग किया और 70 लाख रुपए से अधिक की राशि जुटाई गई।

लाइवस्ट्रीम के दौरान लाखों दर्शक जुड़े और सुपरचैट व अन्य माध्यमों से आर्थिक सहयोग करते रहे। निश्चय मल्हान ने कहा कि कठिन समय में समाज के साथ खड़ा होना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और यदि सोशल मीडिया का प्रभाव लोगों की मदद के लिए इस्तेमाल हो, तो बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
असम इस समय भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। लाखों लोग प्रभावित हुए हैं और कई परिवारों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। ऐसे समय में ट्रिगर्ड इंसान की यह पहल सोशल मीडिया की सकारात्मक शक्ति का उदाहरण बनकर सामने आई है।
सोशल मीडिया पर भी इस अभियान की जमकर सराहना हो रही है। प्रशंसकों ने निश्चय मल्हान की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि मनोरंजन के साथ-साथ समाजसेवा का यह प्रयास युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
