
▪️मुंबई
आर्थिक तंगी के कारण जीवनरक्षक इलाज अधूरा रह जाने की आशंका से जूझ रहे अकोला के 47 वर्षीय प्रशांत इंगले को मुख्यमंत्री वैद्यकीय सहायता निधि और टाटा ट्रस्ट की आर्थिक मदद ने नया जीवन दे दिया। मुंबई के नानावटी अस्पताल में उनका सफल लीवर ट्रांसप्लांट हुआ, जिसमें उनकी पत्नी वर्षा इंगले ने अपने लीवर का एक हिस्सा दान कर जीवनसाथी के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की।
प्रशांत इंगले पेशे से केबल कार्यकर्ता हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वर्ष 2025 में उन्हें गंभीर लीवर रोग का पता चला। चिकित्सकों ने लीवर ट्रांसप्लांट की सलाह दी, लेकिन 25 से 30 लाख रुपए तक के अनुमानित खर्च ने परिवार की उम्मीदें लगभग तोड़ दी थीं।
इसी दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री वैद्यकीय सहायता निधि से 2 लाख रुपए तथा टाटा ट्रस्ट से 19.60 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। कुल 21.60 लाख रुपए की सहायता मिलने से इस जटिल और महंगे ऑपरेशन का रास्ता साफ हो गया। इस पूरी प्रक्रिया में मुख्यमंत्री सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने आवश्यक समन्वय और सहयोग प्रदान किया।
25 जून 2026 को नानावटी अस्पताल में लीवर ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपचार के बाद 13 जुलाई को प्रशांत इंगले को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है और वे तेजी से स्वस्थ होने की ओर बढ़ रहे हैं।
