
▪️मुंबई
सावन के पावन अवसर पर भगवान शिव और काशी की आध्यात्मिक महिमा को समर्पित भोजपुरी भक्ति गीत ‘हे भोले बाबा, मनवा के हमरा बनारस बना दs’ Bhojpuri IT Cell के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज हो गया है।
गीतकार मनोज भावुक ने कहा कि यह केवल एक भक्ति गीत नहीं, बल्कि बनारस के प्रति उनकी श्रद्धा, आस्था और जीवन-दृष्टि की संगीतमय अभिव्यक्ति है। उनके अनुसार, बनारस केवल एक शहर नहीं, बल्कि भक्ति, मुक्ति, करुणा, वैराग्य और आत्मिक शांति का प्रतीक है। गीत में काशी विश्वनाथ मंदिर, मणिकर्णिका घाट, धर्म-अर्थ-काम-मोक्ष और लंका चौराहे जैसे प्रतीकों के माध्यम से जीवन के गहरे आध्यात्मिक संदेश को सरल भोजपुरी में प्रस्तुत किया गया है।
गीत को सुप्रसिद्ध गायिका सुरभि कश्यप और गायक अर्जुन पांडेय ने स्वर दिया है। संगीत रजनीश मिश्रा का है, जबकि इसकी परिकल्पना आस्था द्विवेदी ने की है। वीडियो का निर्देशन सुमित तिवारी, छायांकन सुधांशु सिंह, निर्माण One Shot Films तथा निर्माण-निर्देशन की जिम्मेदारी शैलेंद्र द्विवेदी ने निभाई है।
मनोज भावुक और रजनीश मिश्रा की जोड़ी इससे पहले ‘तोर बउरहवा रे माई’, ‘आपन कहाये वाला के बा’, ‘दुलहिनिया नाच नचावे’ और ‘मेरे राम’ जैसे चर्चित गीत दे चुकी है। मनोज भावुक का कहना है कि व्यूज़ से अधिक महत्वपूर्ण ऐसे गीत हैं, जो भोजपुरी की संस्कृति, आस्था और आत्मा से लोगों को जोड़ें।
