
▪️मुंबई
महान शायर फ़िराक़ गोरखपुरी की स्मृति में मुंबई की प्रमुख साहित्यिक संस्था ‘बतरस’ द्वारा विशेष साहित्यिक संध्या का आयोजन किया गया। ‘सुख़न की शम्मअ जलाओ’ शीर्षक से आयोजित कार्यक्रम में फ़िराक़ साहब के व्यक्तित्व, जीवन-दर्शन और भारतीय साहित्य में उनके अतुलनीय योगदान पर चर्चा की गई।
8 अगस्त 2026 को गोरेगांव स्थित केशव गोरे स्मारक ट्रस्ट के टेरेस हॉल में आयोजित इस साहित्यिक संध्या में साहित्य, शायरी और संगीत प्रेमियों की अच्छी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में प्रो. रामबक्ष, असलम हसन, ओबैद आज़म आज़मी, डॉ. सत्यदेव त्रिपाठी, देवमणि पाण्डेय, राकेश शर्मा, रमन मिश्र और विजय पंडित ने फ़िराक़ की रचनात्मक विरासत और साहित्यिक अवदान पर विचार व्यक्त किए। उनकी लोकप्रिय ग़ज़लों का भावपूर्ण पाठ शैलेश सिंह, प्रज्ञा मिश्र और नीता बाजपेई ने किया। गायक दीपक खेर, नाज़नीन और कृष्णा गौतम की संगीतबद्ध प्रस्तुतियों ने शाम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन सुप्रसिद्ध शायर क़मर हाजीपुरी ने किया।
