
▪️मुंबई
मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए 935 शिक्षण सेवकों की भर्ती की जा रही है। इच्छुक उम्मीदवार 11 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित शिक्षण सेवकों को हर महीने 16 हजार रुपए मानधन दिया जाएगा।
बीएमसी के मराठी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा पर भी पड़ रहा है। विशेष रूप से चित्रकला और संगीत जैसे विषयों के लिए शिक्षकों की कमी को देखते हुए इन पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
भर्ती के तहत मराठी माध्यम में 525 और अंग्रेजी माध्यम में 352 शिक्षण सेवकों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा चित्रकला के 10 और संगीत के 48 पद भरे जाएंगे।
आरक्षण व्यवस्था के तहत विभिन्न सामाजिक और अन्य वर्गों के लिए निर्धारित पदों का प्रावधान किया गया है। महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत, पूर्व सैनिकों के लिए 15 प्रतिशत और परियोजना प्रभावित उम्मीदवारों के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण रखा गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी वर्ग के लिए भी नियमानुसार पद आरक्षित हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी पात्रता, आरक्षण, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी बीएमसी की आधिकारिक वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।
