
▪️पणजी
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गोवा में नवागत प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए अनंत द्विवेदी फाउंडेशन (एडीएफ) की ओर से चार घंटे की मानसिक स्वास्थ्य एवं आइस-ब्रेकर कार्यशाला आयोजित की गई। मुंबई स्थित गैर-लाभकारी संस्था एडीएफ मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सेमिनार और कार्यशालाओं का आयोजन करती है।
कार्यशाला का नेतृत्व एडीएफ की सीईओ रीना राहुल द्विवेदी और मनोवैज्ञानिक अदिति शिंदे ने किया। उन्होंने छात्रों को टीम निर्माण, अपनत्व की भावना, घर की याद, भावनात्मक बुद्धिमत्ता और मानसिक लचीलेपन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया। गतिविधि आधारित और शोध-आधारित तरीकों से छात्रों को शैक्षणिक एवं सामाजिक दबावों से निपटने तथा आपसी संबंध मजबूत करने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
कार्यक्रम का समन्वय आईआईटी गोवा की छात्र परामर्शदाता श्रीमती स्नेहा एबेनेज़र ने किया। एडीएफ की कार्यकारी निदेशक मीरा द्विवेदी और आईआईटी गोवा के सहायक कुलसचिव (एसए) नरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। अनंत द्विवेदी फाउंडेशन की स्थापना वर्ष 2025 में द्विवेदी परिवार ने अपने पुत्र अनंत की स्मृति में की थी।
