▪️ काउंटर की कतार और ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं, Google Wallet और Apple Wallet में भी रख सकेंगे पास

- मुंबई। मुंबई मेट्रो वन ने यात्रियों को बड़ी डिजिटल सुविधा देते हुए भारत की पहली व्हॉट्सऐप आधारित डिजिटल पास सेवा शुरू की है। अब यात्रियों को पास बनवाने के लिए टिकट काउंटर की कतार में खड़े होने या अलग मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। पूरा पास व्हॉट्सऐप के जरिए खरीदा और मोबाइल में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
यात्री +91 9670008889 नंबर पर व्हॉट्सऐप से ‘Hi’ भेजकर ‘Book Now’ विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद ‘डिजिटल पास’ का विकल्प चुनकर ऑनलाइन भुगतान करते ही पास जारी हो जाएगा। भुगतान यूपीआई, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से किया जा सकेगा।
नई व्यवस्था में यात्रियों को Trip Pass और Store Value Pass के विकल्प मिलेंगे। Trip Pass में निर्धारित यात्राओं का पैकेज लिया जा सकता है, जबकि Store Value Pass में पहले से राशि जमा कर यात्रा के दौरान किराया काटा जाएगा।
खास बात यह है कि डिजिटल पास को Google Wallet और Apple Wallet में भी सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
मुंबई मेट्रो वन के मुताबिक, यह पहल सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक, तेज और कैशलेस बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वॉट्सएप टिकटिंग सेवा पहले से उपलब्ध है और अब डिजिटल पास सुविधा जुड़ने से यात्रियों का सफर और आसान होगा।
