▪️ सड़क नहीं होने से गर्भवती पत्नी को नहीं मिल सका था समय पर इलाज

- मुंबई। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के जिवती तालुका के दुर्गम घोड़नकप्पी गांव में सड़क सुविधा के अभाव ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गर्भवती पत्नी को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा पाने के कारण उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पति ने प्रशासन की राह देखने के बजाय ग्रामीणों के साथ मिलकर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क बना डाली।
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय संगीता गेडाम को प्रसव पीड़ा हुई। परिवार ने एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस मौके तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने किसी तरह संगीता को कठिन और पथरीले रास्ते से बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार किया और उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन दुर्गम रास्ते के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही संगीता की मौत हो गई।
पत्नी की मौत से आहत उसके पति तुलशीराम गेडाम ने ठान लिया कि गांव के किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने ग्रामीणों को साथ लेकर श्रमदान से सड़क निर्माण शुरू किया। करीब 20 परिवारों ने मिलकर डेढ़ किलोमीटर रास्ता तैयार किया।
