▪️भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महाराष्ट्र के नेताओं को अहम जिम्मेदारियां
- मुंबई। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व वाली नई टीम में महाराष्ट्र के नेताओं को महत्वपूर्ण स्थान मिला है। पूर्व सांसद भारती पवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि विनोद तावडे को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल कोषाध्यक्ष पद पर कायम रहेंगे। प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। मुंबई के शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री पद पर फिर से जिम्मेदारी दी गई है।

नई कार्यकारिणी में स्मृति ईरानी की भी जोरदार वापसी हुई है। उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है।
भाजपा की नई टीम में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री शामिल किए गए हैं। पार्टी ने संगठन में विभिन्न राज्यों को प्रतिनिधित्व देते हुए आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए टीम को मजबूत करने का प्रयास किया है।
इसी बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली दौरे पर हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। फडणवीस के दिल्ली दौरे के दौरान ही भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा को महाराष्ट्र की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
