
▪️मुंबई
भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र में 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानकर होने वाले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग ने 19 अगस्त को महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर नए कार्यक्रम की जानकारी दी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्था की प्रक्रिया 24 अगस्त तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 31 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित होगा। प्रारूप सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 31 अगस्त से 30 सितंबर तक का समय दिया गया है।
दावे और आपत्तियों पर नोटिस जारी करने तथा उनके निपटारे की प्रक्रिया 31 अगस्त से 29 अक्टूबर तक चलेगी। पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद महाराष्ट्र की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया है कि संशोधित कार्यक्रम की जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुंचाई जाए। साथ ही, विभिन्न माध्यमों से आम नागरिकों को भी इसकी व्यापक जानकारी देने और सभी राजनीतिक दलों को संशोधित कार्यक्रम की लिखित सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
