
▪️मुंबई
दुनिया के सबसे बड़े वार्षिक फिनटेक आयोजनों में शामिल ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जी एफ एफ) 2026 का आयोजन मुंबई में 8 से 11 सितंबर तक किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। चार दिवसीय यह आयोजन जियो वर्ल्ड सेंटर और ट्राइडेंट बीकेसी में होगा।
जी एफ एफ 2026 का मुख्य विषय प्रभाव की संभावना: समावेशी वित्त के लिए विश्वसनीय, कनेक्टेड, वैश्विक प्रणाली। इस बार इवेंट में एजेंट एआई, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों पर खास चर्चा होगी। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में 70 से अधिक देशों की भागीदारी, 700 से ज्यादा वक्ता और 5,000 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की उम्मीद है। एक लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
सम्मेलन में नीति-निर्माता, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक कंपनियां, स्टार्टअप, निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ वैश्विक वित्त व्यवस्था के भविष्य पर मंथन करेंगे। डिजिटल वित्तीय सेवाओं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, टोकनाइजेशन और सुरक्षित वित्तीय ढांचे को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श होगा।
जी एफ एफ का आयोजन मुंबई को वैश्विक फिनटेक केंद्र के रूप में और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
