
▪️मुंबई
मुंबई में म्हाडा के भूखंड खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। मुंबई मंडल ने ई-नीलामी में अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिलने के बाद अब 8 सुविधा भूखंडों को ‘प्रथम आओ, प्रथम पाओ’ (एफ सी एफ एस ) आधार पर बेचने का फैसला किया है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है, जबकि आवेदन 25 अगस्त से स्वीकार किए जाएंगे।
म्हाडा के ये भूखंड मालाड-मालवणी, टैगोर नगर-विक्रोली, कन्नमवार नगर-विक्रोली, गोराई और आकुर्ली स्थित म्हाडा कॉलोनियों में हैं। इन भूखंडों का उपयोग स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, खेल मैदान, मनोरंजन केंद्र सहित विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं के लिए किया जा सकेगा।
पहले चरण में 25 अगस्त सुबह 11 बजे से 5 सितंबर शाम 5.30 बजे तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। पात्र और अपात्र आवेदकों की सूची 15 सितंबर को जारी होगी। इसके बाद शेष भूखंडों के लिए दूसरे चरण में 20 से 30 सितंबर और तीसरे चरण में 15 से 25 अक्टूबर तक आवेदन का अवसर दिया जाएगा।
आवेदकों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा और आवश्यक अनामत राशि (ईएमडी) जमा करनी होगी। म्हाडा ने आवेदन से पहले पात्रता और नियम-शर्तों की जांच करने की अपील की है।
