
▪️मुंबई
गणेशोत्सव के दौरान मुंबई और उपनगरों में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेट्रो और लोकल सेवाओं को लेकर विशेष तैयारी शुरू कर दी गई है। कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने गणेशोत्सव से अनंत चतुर्दशी तक यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त सेवाएं बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मेट्रो के फेरे बढ़ाने के साथ ही मध्य रेलवे के मुख्य, हार्बर और ट्रांस-हार्बर मार्गों पर नियमित मेगा ब्लॉक तथा रात्रिकालीन ब्लॉक नहीं लेने के निर्देश दिए गए हैं।
मेट्रो में व्यस्त समय के दौरान दो फेरों के बीच का अंतर कम कर अतिरिक्त सेवाएं संचालित की जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रात की अंतिम मेट्रो का समय भी बढ़ाया जाएगा। गणेश दर्शन के बाद घर लौटने वाले यात्रियों के लिए आवश्यकता के अनुसार मध्यरात्रि तक विशेष फेरे चलाने की योजना है।
रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त उपनगरीय विशेष लोकल चलाने तथा प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त आरपीएफ और महाराष्ट्र सुरक्षा रक्षक तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष क्राउड मैनेजमेंट व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
मेट्रो स्टेशनों पर टिकट काउंटर, एटीवीएम, डिजिटल और क्यूआर टिकट व्यवस्था अंतिम फेरी तक चालू रहेगी। यात्रियों के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार केंद्र भी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल और क्राउड मैनेजमेंट कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
