
▪️मुंबई
मुंबई के गुंदवली मेट्रो स्टेशन पर इन दिनों एक अनोखी ‘कर्मचारी’ चर्चा का केंद्र बनी हुई है। स्टेशन परिसर में लंबे समय से नियमित रूप से घूमने वाली नारंगी रंग की बिल्ली को मजाकिया अंदाज में बाकायदा पद भी दे दिया गया है। यात्रियों के बीच लोकप्रिय इस बिल्ली को ‘चीफ फेलाइन ऑफिसर’ यानी ‘सीएफओ’ का खिताब मिला है।
मामला तब शुरू हुआ, जब एक यात्री ने स्टेशन परिसर में घूमती बिल्ली की तस्वीर खींचकर महामुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एमएमएमसीएल) के साथ साझा की। यात्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि रोजाना स्टेशन की निगरानी करने वाली इस ‘अनपेड गार्ड’ को कोई आधिकारिक पद मिलना चाहिए। मेट्रो प्रशासन को यह सुझाव इतना पसंद आया कि उसने बिल्ली को ही ‘चीफ फेलाइन ऑफिसर’ घोषित कर दिया।
मुंबई मेट्रो की रेड लाइन-7 के गुंदवली स्टेशन के प्रवेश द्वार के आसपास यह बिल्ली अक्सर नजर आती है। कभी वह स्टेशन परिसर में गश्त लगाती दिखाई देती है तो कभी यात्रियों के बीच आराम फरमाते हुए। उसकी मौजूदगी अब स्टेशन की पहचान का हिस्सा बनती जा रही है और यात्रियों के बीच भी इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
