
▪️ मीरा रोड
मीरा रोड के विरुंगला केंद्र में स्वर संगम फाउंडेशन के आयोजन में बनारस से प्रकाशित ‘सोच विचार’ पत्रिका के काशी अंक-17 का विमोचन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दूबे ने की। विशिष्ट अतिथि डॉ. सूर्यबाला, डॉ. उदय प्रताप सिंह, बोधिसत्व, डॉ. हूबनाथ पांडेय और डॉ. रत्न शंकर पांडेय उपस्थित रहे।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद काशी के कुलगीत की प्रस्तुति हुई। फाउंडेशन के चेयरमैन हृदयेश मयंक ने स्वागत किया। डॉ. सिद्धार्थ द्विवेदी ने काशी की आध्यात्मिक महिमा और पत्रिका के स्वतंत्र विचारों को रेखांकित किया। डॉ. सूर्यबाला ने स्वतंत्र वैचारिकी की आवश्यकता बताते हुए कहा कि विचारधाराएं परस्पर पूरक होती हैं।
डॉ. अनिल गौढ़, शैलेष सिंह, राकेश शर्मा, रमन मिश्र और बोधिसत्व ने पत्रिका के संस्मरणों और काशी के सांस्कृतिक इतिहास पर विचार रखे। संपादक नरेंद्र मिश्र ने पत्रिका को किसी वाद से मुक्त बताते हुए सामान्य पाठकों पर केंद्रित बताया। डॉ. शीतला प्रसाद दूबे ने कहा कि आधी काशी मुंबई में बसती है। संचालन डॉ. हरिप्रसाद राय ने किया और आभार रमन मिश्र ने माना।
