
▪️मुंबई
अभिनेता और पूर्व सांसद गोविंदा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही कथित भ्रामक खबरों पर सख्त रुख अपनाया है। उनकी ओर से सार्वजनिक कानूनी नोटिस जारी कर झूठी और अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
हाल में सोशल मीडिया पर गोविंदा की कथित कोर्ट मैरिज और रानी स्वर्णकार से शादी की खबरें प्रसारित हुई थीं। इससे पहले उनके तलाक को लेकर भी ऐसी ही खबरें सामने आई थीं, जिन्हें गलत बताया गया था।
कानूनी नोटिस में आम लोगों के साथ मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कंटेंट क्रिएटर्स को गोविंदा या उनके परिवार से जुड़ी झूठी, मानहानिकारक, दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत या अपुष्ट सामग्री प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से बचने की चेतावनी दी गई है।
नोटिस में तस्वीरों, वीडियो, ऑडियो, मॉर्फ्ड इमेज, डीपफेक और एआई से तैयार सामग्री का भी उल्लेख किया गया है। गोविंदा की ओर से स्पष्ट किया गया है कि उनकी आवाज, तस्वीर, पहचान या निजी जीवन से संबंधित सामग्री तैयार करने अथवा उसमें हेरफेर की कोई अनुमति नहीं दी गई है।
मानहानि, निजता के उल्लंघन और पहचान के दुरुपयोग के मामलों में भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत दीवानी और आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। दोषियों से 100 करोड़ रुपए तक के हर्जाने का दावा करने की बात भी नोटिस में कही गई है।
