▪️‘काम भी, घूमना भी’ में मुंबई का जलवा
- मुंबई। मायानगरी मुंबई ने एक बार फिर वैश्विक पहचान मजबूत की है। काम के साथ घूमने-फिरने और जीवन का आनंद लेने के लिहाज से मुंबई को दुनिया के प्रमुख शहरों में जगह मिली है। खास बात यह है कि इस रैंकिंग में मुंबई ने लंदन और मियामी जैसे चर्चित शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है।

इंटरनेशनल वर्कप्लेस ग्रुप (आईडब्ल्यूजी) के 2026 वर्क फ्रॉम एनीवेयर इंडेक्स में मुंबई को 77 अंक मिले हैं। सूची में शामिल होने वाला मुंबई भारत का एकमात्र शहर है। यह इंडेक्स उन शहरों का आकलन करता है, जहां लोग दूर से काम करने के साथ पर्यटन और मनोरंजन का भी आनंद ले सकते हैं।
रैंकिंग के लिए मौसम, इंटरनेट और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, आवास, परिवहन, खान-पान, संस्कृति और फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस जैसी सुविधाओं को आधार बनाया गया। बैंकॉक सूची में पहले स्थान पर रहा, जबकि टोक्यो और बार्सिलोना भी शीर्ष शहरों में शामिल हैं।
मुंबई की वित्तीय गतिविधियां, मजबूत कनेक्टिविटी, समुद्र तट, विविध खान-पान, मनोरंजन उद्योग और तेजी से बढ़ते को-वर्किंग स्पेस ने इसे वैश्विक पेशेवरों के लिए आकर्षक बनाया है। रैंकिंग में जगह मिलना मुंबई की उस पहचान को और मजबूती देता है, जहां काम के साथ घूमने और जीवन का आनंद लेने के अवसर भी मौजूद हैं।
