
▪️मुंबई
प्रजा फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को ‘मुंबई के विधायक रिपोर्ट कार्ड 2026’ जारी किया गया। रिपोर्ट में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया है। कांग्रेस विधायक अमीन पटेल 82.89 अंकों के साथ लगातार पांचवीं बार नंबर-1 रहे। अस्लम शेख 80.58 अंकों के साथ दूसरे और ज्योति गायकवाड़ 80.30 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रजा फाउंडेशन के अनुसार, रिपोर्ट का उद्देश्य यह आंकलन करना है कि विधायक नागरिकों के मुद्दों को विधानसभा में कितनी प्रभावी ढंग से उठाते हैं और सरकार से जवाबदेही तय करने में कितने सफल रहते हैं। इस बार मुंबई के 33 विधायकों के कामकाज का मूल्यांकन किया गया।
रिपोर्ट में विधानसभा की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। 15वीं विधानसभा में शीतकालीन सत्र 2024 से मानसून सत्र 2025 के बीच केवल 2,213 सवाल पूछे गए, जबकि 12वीं विधानसभा की इसी अवधि में 7,955 सवाल पूछे गए थे। यानी सवाल पूछने में 72 फीसदी की गिरावट आई। सवालों की औसत गुणवत्ता भी 50 फीसदी से घटकर 33 फीसदी रह गई।
15वीं विधानसभा के पहले वर्ष में सदन केवल 40 दिन चला, जबकि 12वीं और 13वीं विधानसभा में क्रमशः 47 और 50 कार्य दिवस हुए थे। विधायकों का औसत स्कोर भी 61 से घटकर 55 अंक रह गया।
रैंकिंग में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और आशीष शेलार शामिल नहीं हैं। शिवसेना (उबाठा) के आदित्य ठाकरे 57.58 अंकों के साथ 13वें स्थान पर रहे, जबकि शिवसेना (शिंदे) के प्रकाश सुर्वे 23.44 अंकों के साथ 33वें स्थान पर रहे।
