
▪️मुंबई
महाराष्ट्र में रिक्शा और टैक्सी चलाने वाले अमराठी चालकों को मराठी भाषा सीखने के लिए चार महीने तक का समय दिया जाएगा। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मंगलवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं बल्कि रोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर विश्वास नहीं करने की अपील की।
सरनाईक ने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से चलाए गए 105 दिवसीय विशेष अभियान में राज्य के करीब 1 लाख 65 हजार 800 रिक्शा-टैक्सी चालकों को व्यावहारिक मराठी का प्रशिक्षण दिया गया है। जिन चालकों ने अभी तक प्रशिक्षण नहीं लिया है, उनके लिए कार्यशालाएं आगे भी जारी रहेंगी।
मुंबई, ठाणे, भिवंडी, नालासोपारा, वसई-विरार और नवी मुंबई में प्रशिक्षण केंद्र उपलब्ध रहेंगे। आरटीओ के माध्यम से जल्द ही संपर्क नंबर जारी किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि चालकों को पहले एक महीने की मोहलत मिलेगी और आवश्यकता पड़ने पर तीन महीने का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इस अवधि में बैज रद्द नहीं किया जाएगा, हालांकि नियमों के अनुसार निलंबन की कार्रवाई हो सकती है। इसके बाद भी जानबूझकर मराठी सीखने से इनकार करने पर बैज रद्द किया जा सकता है।
