
▪️मुंबई। मुंबई में ऑटो-रिक्शा और काली-पीली टैक्सी से सफर मंगलवार आधी रात से महंगा हो जाएगा। संशोधित किराये 1 सितंबर से मुंबई महानगर क्षेत्र में लागू होंगे। इससे मुंबई के साथ ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण, वसई-विरार और पनवेल के यात्रियों की जेब पर भी असर पड़ेगा।
• नई दरों के अनुसार, ऑटो-रिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपए से बढ़कर 27 रुपए और काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया 31 से बढ़कर 33 रुपए हो जाएगा। ऑटो में शुरुआती 1.5 किलोमीटर के बाद 18 रुपए प्रति किलोमीटर, जबकि टैक्सी के लिए 33 रुपए प्रति किलोमीटर की दर लागू होगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, ईंधन, वाहन रखरखाव, बीमा और अन्य परिचालन खर्च बढ़ने के कारण किराये में संशोधन किया गया है। मीटरों का पुनःकैलिब्रेशन पूरा होने तक यात्रियों से संशोधित टैरिफ कार्ड के आधार पर किराया लिया जाएगा। कैलिब्रेशन के बाद नई दरें मीटर में दर्ज होंगी।
किराये में बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर रोजाना ऑटो-टैक्सी से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। छोटी दूरी के सफर में भी अब पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा, जिससे यात्रियों का मासिक परिवहन खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है।
