- आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली को उपलब्ध कराई गई सूची

▪️मुंबई। मुंबई महानगरपालिका के अधिकारी एवं कर्मचारियों के तबादलों के लिए राजनीतिक नेताओं द्वारा सिफारिशें किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। उपलब्ध सूची में कुल 225 अधिकारी एवं कर्मचारियों के नाम हैं और उनके नामों के सामने मंत्री, विधायक, सांसद, उपमहापौर तथा नगरसेवकों के नाम दर्ज हैं। सूचना के अधिकार कार्यकर्ता अनिल गलगली को नगर अभियंता कार्यालय की ओर से यह विस्तृत सूची उपलब्ध कराई गई है।
सूचना के अधिकार के माध्यम से उपलब्ध 225 अधिकारी-कर्मचारियों के नामों के सामने दर्ज राजनीतिक सिफारिशों के प्रारंभिक विश्लेषण में कुछ राजनीतिक व्यक्तियों के नाम बार-बार सामने आए हैं। इनमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नाम का सर्वाधिक 10 बार उल्लेख है। इसके बाद रिपाई नेता रामदास आठवले के नाम का 9 बार, जबकि गिरीश महाजन और कालिदास कोळंबकर के नाम का 7-7 बार उल्लेख किया गया है।
इसी प्रकार मंगेश कुडाळकर, अण्णा बनसोडे और तुकाराम काते के नाम का 6-6 बार उल्लेख है। मुरजी पटेल और दिलीप लांडे के नाम का 5-5 बार उल्लेख किया गया है। वहीं नरहरी झिरवळ, सुमित वानखेडे, राहुल शेवाळे, प्रकाश सुर्वे, इंद्रनील नाईक, संतोष बांगर, राम कदम, किशन कथोरे और बच्चू कडू के नाम का 4-4 बार उल्लेख है।
इसके अलावा चंद्रशेखर बावनकुळे, हसन मुश्रीफ, भरतशेठ गोगावले, उदय सामंत, परिणय फुके, रविंद्र वायकर, प्रसाद लाड, सुनील प्रभू, महेश सावंत और प्रवीण दरेकर के नाम का 3-3 बार उल्लेख है। इसके अलावा भी कुछ नेताओं के नाम हैं।
