
▪️मुंबई
मुंबई में दिव्यांग यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) अब दिव्यांग व्यक्तियों को बेस्ट की गैर-वातानुकूलित बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने जा रही है। इसके लिए बीएमसी बेस्ट को 7.64 करोड़ रुपए की अनुदान राशि देगी।
बीएमसी की ओर से यह प्रस्ताव 9 सितंबर को स्थायी समिति के समक्ष रखा जाएगा। योजना के तहत 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्ति मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगे। यह पात्रता दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के अनुरूप तय की गई है।
इस योजना की खास बात यह है कि पहली बार दिव्यांगों की सभी श्रेणियों को बेस्ट की रियायती यात्रा के दायरे में लाया जा रहा है। फिलहाल बेस्ट में मुफ्त यात्रा की सुविधा मुख्य रूप से दृष्टिबाधित यात्रियों को ही उपलब्ध है।
