
▪️मुंबई। गुरुवार, 24 सितंबर 2026 को हिंदी पखवाड़े के दौरान सांस्कृतिक कार्य विभाग, महाराष्ट्र शासन के अधीन महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी, लक्ष्य फाउंडेशन एवं शेठ एन.के.टी.टी. जूनियर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में शेठ एन.के.टी.टी. सभागार में ‘बाल अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए निबंध-लेखन, काव्य-पाठ और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 75 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि के साथ पुस्तकें एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
• कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दामोदर खड़से तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री आनंद सिंह (वरिष्ठ उद्घोषक, आकाशवाणी मुंबई), श्री सुरेश मिश्र (सुप्रसिद्ध हास्य-कवि एवं मंच संचालक), डॉ. जितेंद्र पाण्डेय (सदस्य, महाराष्ट्र राज्य पाठ्यपुस्तक निर्मिति एवं अभ्यासक्रम संशोधन मंडल, पुणे), सुश्री मनीषा ठक्कर (प्राचार्या, शेठ एन.के.टी.टी. जूनियर कॉलेज) और श्री राजेंद्र चव्हाण (उप-प्राचार्य, शेठ एन.के.टी.टी. जूनियर कॉलेज) उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका श्री ओमप्रकाश तिवारी (पूर्व उप-महाप्रबंधक, राजभाषा हिंदी, भारतीय स्टेट बैंक) एवं श्री अंजनी कुमार द्विवेदी (प्रवक्ता, एसआईईएस कॉलेज, सायन) ने निभाई।
मुख्य अतिथि डॉ. दामोदर खड़से ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी भाषा भारत की आत्मा एवं राष्ट्रीय एकता का सूत्र है। विशिष्ट अतिथि आनंद सिंह ने विद्यार्थियों को भाषण कला, उच्चारण-कौशल और उसकी बारीकियों की जानकारी दी। वहीं, डॉ. जितेंद्र पाण्डेय ने हिंदी भाषा के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की। सुरेश मिश्र ने अपनी हास्य कविताओं से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए लक्ष्य फाउंडेशन के कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट राजीव मिश्र ने बताया कि अकादमी के सहयोग से इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के उत्थान एवं प्रचार-प्रसार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन हिंदी विभाग की प्राध्यापिकाओं श्रीमती प्रतिभा पाटील एवं श्रीमती ललिता नारखेडे ने किया। अंत में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सचिव श्री सचिन निम्बालकर ने सभी अतिथियों एवं कॉलेज प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
