• मुंबई में लगेगा कर्मवीरों का मेला •

▪️मुंबई। समाज में अपनी प्रतिभा और रचनात्मक कार्यों के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों के ‘कर्मवीरों’ को शनिवार, 27 सितंबर को गोरेगांव पूर्व स्थित वेस्टिन होटल में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन ‘आज का कर्मवीर सोशल फाउंडेशन’ की ओर से किया जा रहा है।
- फाउंडेशन के अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने बताया कि समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, मनोरंजन, खेल, व्यापार, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों के लिए प्रतिभाओं का चयन पद्मश्री कमल सिंह चौहान, पद्मश्री पोपटराव पवार तथा उत्तर प्रदेश के सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक डॉ. विक्रम सिंह जैसी प्रतिष्ठित ज्यूरी ने किया है।
आर.पी. सिंह ने बताया कि संस्था का यह छठा वार्षिक आयोजन है। इसकी शुरुआत मुंबई से हुई थी। इसके बाद भुवनेश्वर और उत्तराखंड में आयोजन किए गए और अब एक बार फिर यह समारोह मुंबई में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाज के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। इसी उद्देश्य से सम्मान समारोह के साथ उसी मंच पर चर्चा सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें हेल्थ, वेल्थ और सनातन विषयों पर मंथन होगा।
समारोह में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर, मंत्री प्रताप सरनाईक और श्री सिद्धिविनायक मंदिर के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
