
▪️मुंबई। मोबाइल रिचार्ज प्लान चुनने वाले ग्राहकों के लिए दूरसंचार नियामक ट्राई ने अहम निर्देश जारी किया है। अब जियो, एयरटेल और वीआई समेत सभी टेलीकॉम कंपनियों को अपनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर ट्राई द्वारा निर्धारित जरूरी रिचार्ज प्लान स्पष्ट रूप से दिखाने होंगे। इसके लिए कंपनियों को ‘TRAI-Mandated Packs’ नाम से अलग सेक्शन बनाना होगा।
ट्राई के निर्देश के अनुसार प्रीपेड रिचार्ज सेक्शन में यह टैब प्रमुखता से और सबसे पहले दिखाई देना चाहिए। ग्राहकों को इन प्लान तक पहुंचने के लिए कई पेज या श्रेणियां तलाशने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। अधिकृत विशेष बिक्री केंद्रों पर भी इन प्लान की जानकारी प्रमुखता से उपलब्ध करानी होगी। कंपनियों को निर्देश का पालन 30 दिनों के भीतर करना होगा।
ट्राई ने यह कदम ग्राहकों की शिकायतों और अपनी समीक्षा के बाद उठाया है। नियामक के अनुसार कई जरूरी वाउचर वेबसाइट और ऐप पर अलग-अलग श्रेणियों में उपलब्ध थे, जिससे ग्राहकों के लिए अपनी जरूरत और बजट के अनुसार सही प्लान तलाशना मुश्किल हो रहा था।
ट्राई के नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को प्लान वाउचर, स्पेशल टैरिफ वाउचर और कॉम्बो वाउचर उपलब्ध कराने होते हैं। इसके अलावा ग्राहकों के लिए केवल वॉयस कॉल और एसएमएस वाले प्लान भी उपलब्ध कराना जरूरी है। नए निर्देश का उद्देश्य ग्राहकों को रिचार्ज विकल्पों की स्पष्ट जानकारी देना और किफायती प्लान तक उनकी पहुंच आसान बनाना है।
