
▪️मुंबई। मानसून की विदाई के साथ ही महाराष्ट्र में गर्मी ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अक्टूबर की शुरुआत में ही मुंबई समेत राज्य के कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। मुंबई में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सोलापुर में पारा 36.4 डिग्री तक पहुंच गया। पुणे में 34.8 और नाशिक में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मुंबई में बढ़ती गर्मी के साथ उमस ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दक्षिण मुंबई के कोलाबा में तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि सांताक्रूज में 36.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में अचानक आए इस बदलाव के कारण दिन के समय गर्मी का असर अधिक महसूस हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश की गतिविधियां कम होने और आसमान साफ रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। अगले कुछ दिनों तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। नागरिकों को तेज धूप के दौरान सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
