
▪️मुंबई। ‘हिंदी देशभर में संवाद का सशक्त माध्यम बन रही है। स्थानीय भाषाओं का सम्मान करते हुए हिंदी को संपर्क भाषा के रूप में बढ़ावा देना चाहिए।’ यह बात दैनिक भास्कर के स्थानीय संपादक विजय सिंह कौशिक ने सांताक्रुज पूर्व स्थित सरस्वती शिक्षण संस्थान में हिंदी दिवस एवं गांधी जयंती समारोह में कही। अध्यक्षता डॉ. विपिन चंद्र मेहता ने की।
ध्यान योगी श्री ओम दास जी महाराज ने हिंदी को समाज को जोड़ने वाली भाषा बताते हुए कहा कि ‘जाति-पाँति पूछे नहीं कोई, हरि को भजे सो हरि का होई।’ समारोह में महात्मा गांधी राष्ट्रीय सेवा सम्मान डॉ. दयानंद तिवारी, अखिल भारतीय पत्रकारिता सम्मान विजय सिंह कौशिक एवं वरिष्ठ पत्रकार सुधाकर कश्यप को प्रदान किया गया। कांति लाला जोशी स्मृति सम्मान राजकुमार यादव तथा अखिल भारतीय हिंदी सेवी सम्मान शिक्षिका वैशाली पाटिल को मिला।
डॉ. दयानंद तिवारी ने संस्था की स्थापना 1936 में महात्मा गांधी के मार्गदर्शन में जमनालाल बजाज की अध्यक्षता में होने की जानकारी दी। मंत्री संचालक बृजेश तिवारी ने गतिविधियों की जानकारी दी। कवि रवि यादव ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अजय पाठक, मुकेश गौतम, सुरेश शुक्ला, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह और विनय दुबे सहित कई लोग उपस्थित रहे।
