- मथुरा। संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये देकर बुलाए जाने का आरोप लगाने वाले श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा उर्फ दिनेश फलाहारी ने अब माफी मांग ली है। संत समाज की नाराजगी के बाद उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि उनकी बातों से संत प्रेमानंद महाराज और उनके साधक आहत हुए हैं तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं।

दरअसल, दिनेश फलाहारी ने हाल ही में दावा किया था कि विराट कोहली को वर्ष 2023 में संत प्रेमानंद के आश्रम में दर्शन के लिए पांच करोड़ रुपये देकर बुलाया गया था। इसके बाद कोहली के प्रवक्ता ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा, निराधार और तथ्यहीन बताते हुए स्पष्ट किया था कि कोहली संत प्रेमानंद के प्रति आस्था और श्रद्धा के कारण उनके आश्रम जाते हैं।
विवाद बढ़ने पर गुरुवार को वृंदावन के हनुमान टेकरी आश्रम में संतों की बैठक हुई। संतों ने दिनेश फलाहारी के बयान की निंदा करते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि माफी नहीं मांगने पर साधु समाज उनका बहिष्कार कर सकता है। इसके बाद दिनेश फलाहारी ने वीडियो जारी किया।

अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य संत प्रेमानंद महाराज या उनके साधकों का अपमान करना नहीं था। यदि उनके बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह माफी मांगते हैं। उन्होंने संत प्रेमानंद की प्रशंसा करते हुए उन्हें परम ज्ञानी और राधारानी का उपासक भी बताया।
यह विवाद प्रेमानंद महाराज के एक शिष्य की आत्महत्या के बाद आश्रम को लेकर उठे सवालों के बीच शुरू हुआ था। हालांकि, विराट कोहली की ओर से पांच करोड़ रुपये दिए जाने के आरोप को उनके प्रवक्ता स्पष्ट रूप से खारिज कर चुके हैं।
