- 15 को दीपोत्सव और 20 को नवचंडी यज्ञ

▪️रविंद्र मिश्रा@मुंबई
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मुंबई के प्रसिद्ध मुंबादेवी मंदिर में 11 से 21 अक्टूबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है।
• मंदिर प्रबंधक हेमंत जाधव के अनुसार, रविवार 11 अक्टूबर को सुबह 5.30 बजे मंगला आरती के साथ मंदिर के द्वार दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। सुबह 9 से 9.20 बजे के बीच वैदिक विधि-विधान से घट स्थापना होगी। उत्सव के दौरान 25 पुजारी क्रमवार दुर्गा सप्तशती का पाठ करेंगे। मंदिर प्रतिदिन सुबह 5.30 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा।
15 अक्टूबर को ललिता पंचमी के अवसर पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। वहीं, 20 अक्टूबर को विश्व कल्याण की कामना से सुबह नवचंडी हवन-यज्ञ होगा। 21 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत और धूप से बचाव हेतु मंडप की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति के लिए चिकित्सक और एंबुलेंस तैनात रहेंगे। वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगों के लिए अलग दर्शन व्यवस्था होगी।
