- सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और संगठनात्मक समन्वय पर होगा मंथन

- नवी मुंबई। देश-विदेश में बसे कायस्थ समाज को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) का राष्ट्रीय अधिवेशन 20 दिसंबर 2026 को नवी मुंबई में आयोजित किया जाएगा। इस अधिवेशन में 70 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के प्रत्यक्ष और डिजिटल माध्यम से शामिल होने की योजना है।
जीकेसी मीडिया प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर कायस्थ समाज के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना तथा संगठनात्मक समन्वय को बढ़ावा देना है।
जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि यह आयोजन विभिन्न राज्यों और देशों में रहने वाले कायस्थ परिवारों के बीच संवाद और सहभागिता बढ़ाने का अवसर बनेगा। इससे समाज के लोगों को आपसी संपर्क मजबूत करने और साझा उद्देश्यों पर मिलकर काम करने का मंच मिलेगा।
संगठन की न्यासी रागिनी रंजन ने अधिवेशन को वैश्विक स्तर पर समाज को एकजुट करने की महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं, कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल महासचिव पवन सक्सेना ने कहा कि आयोजन में कायस्थ समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, अधिवेशन में देश और विदेश के प्रतिनिधियों की भागीदारी से समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने पर विचार किया जाएगा।
