
▪️विरार।
मां दुर्गा की आराधना, मंदिरों में उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और गरबा की थाप के बीच रविवार को शारदीय नवरात्र उत्सव का शुभारंभ हुआ। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व के पहले दिन घरों और मंदिरों में विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। भक्तों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर व्रत का संकल्प लिया और सुख-समृद्धि की कामना की।
विरार पूर्व स्थित प्रसिद्ध जीवदानी देवी मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। नवरात्र के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने सुरक्षा, स्वच्छता और दर्शन व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध किए थे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि उन्हें दर्शन के दौरान परेशानी न हो।
एक ओर नवरात्र की शुरुआत से धार्मिक उत्साह का माहौल रहा, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग की अघोषित कटौती ने लोगों को परेशान किया। रविवार सुबह से दोपहर तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से खासकर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
शहर के विभिन्न सार्वजनिक नवरात्र मंडलों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना के बाद शाम को गरबा कार्यक्रम शुरू हुए। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने भक्ति गीतों की धुन पर गरबा खेलकर उत्सव में चार चांद लगा दिए। मंदिरों की आस्था और गरबा पंडालों की रौनक ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
