▪️विद्या और कला की देवी हैं माटुंगा की मरुबाई देवी
- रवीन्द्र मिश्रा @मुंबई
मुंबई के माटुंगा स्थित मरुबाई देवी मंदिर का इतिहास करीब 400 वर्ष पुराना है। मान्यता है कि देवी के नाम पर ही माटुंगा का नाम पड़ा। मंदिर के ट्रस्टी अनिल गावंड के अनुसार, स्वयंभू देवी को विद्या और कला की देवी माना जाता है। माटुंगा में बीजेटीआई, डॉन बॉस्को, खालसा कॉलेज, रुइया कॉलेज, एसआईईएस और वेलिंगटन इंस्टीट्यूट जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान हैं।

फिल्म जगत की अनेक हस्तियों की भी देवी में गहरी आस्था रही है। पृथ्वीराज कपूर, के.एन. सिंह, मनमोहन कृष्ण, कन्हैयालाल, मदन पुरी, राज खोसला, विद्या सिन्हा, भरत कपूर और मनमोहन सिंह बेदी जैसी फिल्मी हस्तियां माटुंगा में रह चुकी हैं। अभिनेता शशि कपूर ने डॉन बॉस्को स्कूल में पढ़ाई की थी।
अनिल गावंड बताते हैं कि देश विभाजन के बाद पहली बार मुंबई आए पृथ्वीराज कपूर को देवी मंदिर में आश्रय मिला था। बाद में उनके दादा ने उन्हें खालसा कॉलेज के पीछे की गली में घर दिलवाया। पृथ्वीराज कपूर फिल्मों में जाने से पहले देवी के दर्शन करते थे। फिल्म जगत में सफलता मिलने के बाद उन्होंने चेंबूर में अपने बेटे राज कपूर के नाम पर आरके स्टूडियो खरीदा। इस वर्ष शारदीय नवरात्रोत्सव पर विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
