
▪️मुंबई
शहर में पानी की किल्लत से निपटने और जरूरतमंद इलाकों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) 62 टैंकरों की व्यवस्था करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही पानी वितरण में गड़बड़ी और टैंकरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए ओटीपी आधारित व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य पानी की आपूर्ति को अधिक पारदर्शी बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि निर्धारित स्थान पर पानी वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे। ओटीपी आधारित प्रणाली से पानी प्राप्त करने की पुष्टि की जा सकेगी, जिससे वितरण प्रक्रिया पर निगरानी रखना आसान होगा।
बीएमसी के पास फिलहाल 37 टैंकर हैं, जिन्हें बढ़ाकर 62 करने की योजना है। इसमें 25 अतिरिक्त टैंकर शामिल हैं। इनकी मदद से कम दबाव वाले इलाकों में पानी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। महानगरपालिका ने अगले छह महीनों में 1,145 टैंकर फेरे लगाने की योजना बनाई है। प्रति फेरा खर्च 3,965 रुपये से बढ़कर 4,366 रुपए होने की जानकारी भी सामने आई है।
बता दें कि मुंबई को सात झीलों से प्रतिदिन करीब 4,100 मिलियन लीटर पानी मिलता है। कम बारिश के कारण जल भंडार पूरी क्षमता तक नहीं भर पाए हैं और शहर में 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू है।
