
▪️डोम्बिवली
डोम्बिवली के सुभाष रोड स्थित नवापाड़ा गांव में आई मित्र मंडल इस वर्ष भी पारंपरिक उत्साह के साथ नवरात्रोत्सव मना रहा है। मंडल की विशेषता है कि यहां हर साल मां दुर्गा के 51 शक्तिपीठों में से किसी एक के स्वरूप की प्रतिकृति स्थापित की जाती है, ताकि भक्तों को नवरात्र के दौरान देवी के विभिन्न दिव्य रूपों के दर्शन का अवसर मिल सके।
इस वर्ष मंडल ने हरिद्वार स्थित मां मनसा देवी के स्वरूप की स्थापना की है। देवी की आकर्षक और जीवंत प्रतिमा डोंबिवली के मूर्तिकार मनोज पोतदार द्वारा तैयार की जाती है। प्रतिमा में शक्तिपीठ की देवी के स्वरूप को सजीव रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
• मंडल के अध्यक्ष कृष्णा विष्णु किर के नेतृत्व में आयोजित इस सार्वजनिक नवरात्रोत्सव में स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रहती है। क्षेत्र के सभी लोग मिलकर उत्सव को भव्य रूप देते हैं। मंडल का यह 30वां साल है।
