
▪️मुंबई
दिवाली के दौरान मिठाइयों और पारंपरिक फराल की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कमर कस ली है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया है कि मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुंढे ने बताया कि त्योहार से 21 दिन पहले शुरू हुआ अभियान दिवाली के 30 दिन बाद तक जारी रहेगा। इसके तहत कुल चार चरणों में निर्माताओं, गोदामों, थोक और खुदरा विक्रेताओं की जांच की जा रही है। तेल, मसाले, सूखे मेवे, मिठाइयों और फराल में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर विशेष नजर है।
उन्होंने व्यापारियों से खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने और मिठाइयों में कृत्रिम रंगों के बजाय प्राकृतिक रंगों के इस्तेमाल की अपील की। साथ ही नागरिकों से मिलावट की आशंका होने पर एफडीए पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने को कहा।
