
▪️मुंबई
संस्था गुलदान की ओर से ‘पोएट्स पंचायत’ का सफल आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष गुलशन मदान ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद रतिका जौहरी ने गणेश वंदना और सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्था की अब तक की गतिविधियों पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित की गई।
इसके बाद रचनाकारों की प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। देवमणि पांडे, जीनत एहसान, अभिलाष अवस्थी, अर्चना जौहरी, अमर त्रिपाठी, महिमा भारद्वाज, रासबिहारी पांडेय, राजेश ऋतुपर्ण, हेमंत शर्मा, अर्चना झा और अश्विनी उम्मीद ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया।
प्रसिद्ध शायर निदा फाजली की पत्नी एवं सुप्रसिद्ध शायरा मालती जोशी फाजली की गजलों ने माहौल को संगीतमय बना दिया। वहीं, मशहूर कव्वाल अजीज नाजा की पत्नी मुमताज अजीज नाजा की रचनाओं ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। संस्था के संरक्षक जगदीश मेहता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गुलशन मदान ने ऐसे साहित्यिक आयोजन नियमित रूप से करने की जानकारी दी।
