- मुंबई। विश्व शांति, अहिंसा, स्वास्थ्य और आत्मजागरण का संदेश लेकर 14 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान ‘सेव सेल्फ- द अवेकनिंग यात्रा (फेज-2)’ 12 नवंबर को महाराष्ट्र के पालघर से शुरू होगा। श्री हरि नारायण सेवा संस्थान एवं पालघर पीठ के तत्वावधान में ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भरत भूषण भारतेंदु महाराज के नेतृत्व में निकाली जाने वाली यह यात्रा 25 नवंबर को पालघर लौटकर संपन्न होगी।

‘अहिंसा योग नवकार महामंत्र यात्रा 2026’ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों से होते हुए काशी तक पहुंचेगी। यात्रा में योग, प्राणायाम, ध्यान, मंत्र-साधना और अहिंसा के प्रति जनजागरण किया जाएगा। इसका विशेष आकर्षण महाराज द्वारा बांसुरी पर प्रस्तुत नवकार महामंत्र, गायत्री मंत्र, श्रीराम, श्रीकृष्ण और शिव धुन सहित भक्ति संगीत होगा। अभियान के तहत युवा सशक्तिकरण, नशामुक्ति, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के प्रचार का संदेश भी दिया जाएगा।
