- सूर्यकांत उपाध्याय

जीवन की यात्रा में कई बार ऐसे मोड़ आते हैं, जब इंसान खुद को अकेला, असहाय और भयभीत महसूस करने लगता है। ऐसे समय में ईश्वर पर विश्वास ही सबसे बड़ा संबल बनता है।
एक शहर में रहने वाले दंपती हर साल गर्मी की छुट्टियों में अपने बेटे को लेकर उसके दादा-दादी के घर जाते थे। कुछ दिन वहां बिताने के बाद सभी लौट आते थे। समय के साथ बेटा बड़ा हुआ तो उसने एक दिन अकेले दादी के घर जाने की इच्छा जताई। माता-पिता पहले झिझके, लेकिन बेटे की जिद पर उसे अनुमति दे दी।
यात्रा के दिन पिता उसे स्टेशन छोड़ने पहुंचे। ट्रेन में बैठाने के बाद उन्होंने बेटे को कई सावधानियां समझाईं। ट्रेन चलने लगी तो पिता ने उसे एक लिफाफा देते हुए कहा, ‘बेटा, रास्ते में कभी डर लगे तो इसे खोलकर पढ़ लेना।’
कुछ देर बाद ट्रेन में यात्रियों का आना-जाना शुरू हुआ। सभी के साथ कोई न कोई था, लेकिन बच्चा अकेला था। तभी एक भयानक चेहरा देखकर वह बुरी तरह घबरा गया। उसे पिता की चिट्ठी याद आई। कांपते हाथों से लिफाफा खोला तो उसमें लिखा था, ‘बेटा, डरना मत। मैं इसी ट्रेन के पास वाले डिब्बे में बैठा हूं।’
यह पढ़ते ही उसका डर दूर हो गया और चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
यह प्रसंग हमें जीवन का गहरा संदेश देता है। जिस तरह पिता ने बच्चे को अकेला नहीं छोड़ा, उसी तरह परमात्मा भी जीवन की हर परिस्थिति में हमारे साथ हैं। कठिनाइयों, निराशा और भय के क्षणों में हमें केवल उनका स्मरण करना है।
चिंता और घबराहट से समस्याएं कम नहीं होतीं, बल्कि मन और शरीर पर उनका प्रभाव पड़ता है। इसलिए अपने इष्ट और परमात्मा पर अटूट विश्वास रखें। सुख हो या दुख, सफलता हो या संघर्ष, यह भरोसा बनाए रखें कि ईश्वर हर कदम पर हमारे साथ हैं। यही विश्वास जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है।
